
बारिश ने बढ़ाई मुसीबत: गरीब महिला का कच्चा मकान कभी भी हो सकता है धराशायी, पानी निकासी को लेकर छिड़ा विवाद

विंढमगंज सोनभद्र/घिवही। लगातार हो रही बारिश ने घिवही टोला बैरियाखाड़ निवासी बसंती देवी पत्नी अनिल राम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण उनका कच्चा मकान पूरी तरह जर्जर हो चुका है और अब परिवार के सामने सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। मकान की हालत देखकर परिजनों में भय का माहौल है। वहीं, पानी निकासी को लेकर पारिवारिक विवाद भी सामने आया है।
बसंती देवी का आरोप है कि उनके छोटे ससुर सुबेदार राम अपने घर का पानी बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। इसके कारण बारिश का पानी उनके मकान के आसपास जमा हो रहा है, जिससे कच्ची दीवारें लगातार कमजोर होती जा रही हैं। महिला ने बताया कि यदि उनका मकान गिर गया तो वह अपने परिवार के साथ कहां रहेंगी। उन्होंने कहा कि मकान गिरने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी उनके छोटे ससुर की होगी।
महिला के अनुसार, घर से पानी बाहर निकालने के लिए रास्ता बनाया गया था, लेकिन आरोप है कि छोटे ससुर ने पानी निकासी के रास्ते को दोबारा मिट्टी डालकर बंद कर दिया। इसके बाद मोहल्ले के लोगों की मौजूदगी में पानी निकालने के लिए मिट्टी काटकर करहा बनाया गया, लेकिन इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
मामला बढ़ता देख बसंती देवी ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद दोनों पक्षों को विंढमगंज थाने बुलाया गया, जहां मामले को समझने और विवाद का समाधान कराने की कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन, ग्राम प्रधान और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए। साथ ही गरीब महिला के जर्जर मकान को गिरने से बचाने के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि बारिश के बीच बसंती देवी और उनका परिवार किसी बड़े हादसे का शिकार न हो।
अब ग्रामीणों की निगाह प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी है कि क्या समय रहते गरीब महिला के घर को बचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे या फिर किसी अनहोनी का इंतजार किया जाएगा।



