
एनएच-39 पर गड्ढे में भरे पानी ने बढ़ाया हादसे का खतरा, मां काली मंदिर के सामने बाइक और स्विफ्ट कार में जोरदार टक्कर।

विंढमगंज सोनभद्र /नेशनल हाईवे-39 पर स्थित मां काली मंदिर के ठीक सामने गुरुवार की शाम करीब 7:45 बजे बाइक और स्विफ्ट कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि शाम के समय क्षेत्र में झमाझम बारिश हो रही थी। लगातार बारिश के कारण नेशनल हाईवे-39 पर बने गड्ढों में पानी भर गया था। पानी भरने के चलते सड़क के गड्ढों का सही अंदाजा लगाना वाहन चालकों के लिए मुश्किल हो गया। इसी दौरान मां काली मंदिर के सामने बाइक और स्विफ्ट कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों का ध्यान तत्काल घटना की ओर गया। गनीमत रही कि बाइक चालक गंभीर हादसे का शिकार होने से बच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के दौरान सड़क पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-39 पर जगह-जगह बने गड्ढे लंबे समय से परेशानी का कारण बने हुए हैं। सामान्य मौसम में तो वाहन चालक किसी तरह गड्ढों से बचकर निकल जाते हैं, लेकिन बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने के बाद स्थिति बेहद खतरनाक हो जाती है।
लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि एनएच-39 पर बने गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए तथा बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे का इंतजार न करना पड़े।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित सड़क विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।



