Homeबड़ी खबरेताजा खबरएक ही रंग में रंगा हरनाकछार, बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए कांवरियों...

एक ही रंग में रंगा हरनाकछार, बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए कांवरियों का जत्था रवाना

एक ही रंग में रंगा हरनाकछार, बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए कांवरियों का जत्था रवाना

हरनाकछार/दुद्धी, सोनभद्र। सावन के पावन महीने में भगवान शिव की भक्ति का अद्भुत नजारा विकास खंड दुद्धी अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार में देखने को मिला। बाबा भोलेनाथ के प्रति आस्था और श्रद्धा से ओतप्रोत बड़ी संख्या में कांवरिए एक ही रंग में रंगकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर में जलाभिषेक करने के लिए रवाना हुए। जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक एवं दर्शन-पूजन के लिए रवाना होने से पूर्व सभी कांवरियों ने हरनाकछार स्थित श्री मालेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर की परिक्रमा करने के बाद श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लेकर आगे की यात्रा पर निकले। इसके बाद कांवरियों ने विंढमगंज स्थित मां काली मंदिर में दर्शन-पूजन किया और फिर डिहवार बाबा के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।कांवरियों की इस धार्मिक यात्रा में स्थानीय ग्रामीणों का भी उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। “हर हर महादेव”, “बोल बम” और “जय बाबा बैद्यनाथ” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।इस धार्मिक यात्रा में पत्रकार जितेन्द्र प्रसाद, पूर्व ग्राम प्रधान जदुनाथ यादव, पूर्व ग्राम प्रधान पन्ना देवी, श्रवण गुप्ता, वर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी एवं हरदेव गुप्ता के देखरेख में बड़ी संख्या में सम्मानित ग्रामीण एवं श्रद्धालु शामिल हुए।कांवरियों का जत्था हरनाकछार से निकलकर सलैयाडिह, मुड़ीसेमर, विंढमगंज, घिवही, जमुई, झारखंड, सनावल, छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर की ओर रवाना हुआ। अलग-अलग गांवों एवं क्षेत्रों से आए श्रद्धालु आपसी भाईचारे और शिवभक्ति के साथ एकजुट होकर यात्रा में शामिल हुए।कांवरियों ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर पवित्र जल से बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करना उनके लिए सौभाग्य और आस्था का विषय है। श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।हरनाकछार से निकली यह कांवर यात्रा पूरे क्षेत्र में धार्मिक एकता और भक्ति का संदेश देती नजर आई। श्रद्धालुओं के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा और ग्रामीणों ने कांवरियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular