
NH-39 पर मौत का तांडव: अज्ञात वाहन ने बाइक को रौंदा, देवड़ी के दो युवकों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
दुद्धी, सोनभद्र। विंढमगंज थाना क्षेत्र के हीराचक स्राथित राष्ट्रीय राजमार्ग एन एच 39 पर शुक्रवार रात्रि उस समय चीख-पुकार से गूंज उठा, जब तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार अखिलेश कुमार उम्र (35) वर्ष पुत्र शिवप्रसाद एवं अंकुर उम्र (25) वर्ष पुत्र छट्ठू, दोनों निवासी ग्राम देवड़ी, की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक हीराचक बस्ती से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर डायल-112 और विंढमगंज थाना प्रभारी निरीक्षक रविकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक अखिलेश अपनी ससुराल आया हुआ था और वापस घर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही देवड़ी गांव और परिजनों में कोहराम मच गया। हर आंख नम थी और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बैगा धाम के आगे हाईवे किनारे खड़े विशाल महुआ के पेड़ों वाला क्षेत्र लंबे समय से दुर्घटना संभावित बना हुआ है। उनका दावा है कि यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से इस ब्लैक स्पॉट का सर्वे कर चेतावनी संकेत, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर एनएच-39 पर सड़क सुरक्षा और दुर्घटना रोकने के उपायों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



