
सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा: डीजल टैंकर और कोयला लदे ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर, चालक की दर्दनाक मौत
सोनभद्र। जनपद के हाथीनाला थाना क्षेत्र अंतर्गत हथवानी मोड़ के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। डीजल से भरे टैंकर और कोयला लदे ट्रेलर की जोरदार भिड़ंत में एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों भारी वाहन हथवानी मोड़ के समीप आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलते ही हाथीनाला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस द्वारा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन सामान्य कराया गया।



