
कर्मा में बालू लदी ट्रक पलटी, खलासी की हालत नाजुक, चालक फरार
कर्मा (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत भैरोंपुर रोड व डेहरी गांव की सरहद के पास बुधवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालू लदी एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में ट्रक पर सवार खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय ट्रक तेज रफ्तार में थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रक सड़क पर पलट गई। ट्रक पलटते ही आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घायल खलासी की पहचान धर्मेंद्र (25 वर्ष), पुत्र बल्लू, निवासी मारकुंडी के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद धर्मेंद्र की हालत नाजुक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल खलासी को पास के अस्पताल पहुंचाया और उसके परिजनों को घटना की सूचना दी। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश भी देखने को मिला। लोगों का कहना है कि बालू लदी ट्रकों की तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते आए दिन इस मार्ग पर हादसे हो रहे हैं, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर अवैध बालू परिवहन और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
कर्मा, सोनभद्र



