
मारकुंडी घाटी में बड़ा हादसा टला, ब्रेक फेल होने से पहाड़ी से टकराया ट्रक, चालक सुरक्षित
सोनभद्र जिले से सटी अत्यंत खतरनाक मानी जाने वाली मारकुंडी घाटी में एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मंगलवार दोपहर लुधियाना से पारचून का सामान लादकर उड़ीसा जा रही एक ट्रक घाटी के तीसरे मोड़ पर अचानक अनियंत्रित हो गई और जोरदार तरीके से पहाड़ी से जा टकराई। गनीमत रही कि ट्रक खाई में नहीं गिरी, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक 50 वर्षीय सुमित, निवासी इटावा, दोपहर के समय मारकुंडी घाटी से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान ट्रक के ब्रेक अचानक फेल हो गए। ब्रेक काम न करने के कारण चालक ने ट्रक को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन तीसरे मोड़ पर ट्रक संतुलन खो बैठी और पहाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास से गुजर रहे राहगीर भी सहम गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक सुमित को ट्रक से बाहर निकाला गया। हादसे में चालक को केवल हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ठीक बताया जा रहा है। चालक की जान बचने से सभी ने राहत की सांस ली।
ट्रक में लदा पारचून का सामान इस दुर्घटना में काफी हद तक क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि किसी अन्य वाहन या व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा, जिससे जानमाल की बड़ी क्षति टल गई। घटना की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग और पुलिस को भी जानकारी दी गई।
गौरतलब है कि मारकुंडी घाटी को पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है। तीखे मोड़, ढलान और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घाटी क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ब्रेक चेकिंग प्वाइंट बनाए जाएं और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
— जितेंद्र प्रसाद
भारत दृष्टि लाइव न्यूज, सोनभद्र



