Homeबड़ी खबरेताजा खबरमिशन शक्ति अभियान के तहत विण्ढमगंज में महिलाओं को किया गया जागरूक,...

मिशन शक्ति अभियान के तहत विण्ढमगंज में महिलाओं को किया गया जागरूक, सुरक्षा और स्वावलंबन पर दिया गया संदेश।


मिशन शक्ति अभियान के तहत विण्ढमगंज में महिलाओं को किया गया जागरूक, सुरक्षा और स्वावलंबन पर दिया गया संदेश

विण्ढमगंज (सोनभद्र)।
विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार 16 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह जागरूकता अभियान इण्डियन बैंक रोड स्थित सब्जी मंडी चौराहे से शुरू होकर पूरे बाजार क्षेत्र में भ्रमण करते हुए संपन्न हुआ। अभियान के दौरान महिलाओं और युवतियों को एकत्र कर उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

इस अभियान का नेतृत्व उपनिरीक्षक सुरेश चंद यादव द्वारा किया गया, जबकि महिला कांस्टेबल ज्योति सोनकर ने महिलाओं को विस्तार से जानकारी दी। महिला कांस्टेबल ज्योति सोनकर ने मिशन शक्ति के तीन प्रमुख स्तंभों—नारी शक्ति, नारी सम्मान और स्वावलंबन—पर विशेष रूप से जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकतर घटनाएं जागरूकता की कमी के कारण ही होती हैं, इसलिए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए महिलाओं का स्वयं सजग और जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।

अभियान के दौरान महिलाओं को विभिन्न आपातकालीन और सहायता से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा, 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 1090 महिला हेल्पलाइन तथा 1076 मुख्यमंत्री पोर्टल शिकायत नंबर शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि इन नंबरों के माध्यम से महिलाएं किसी भी समय त्वरित सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

उपनिरीक्षक सुरेश चंद यादव ने उपस्थित महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उन्हें किसी भी परिस्थिति में डरने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस प्रशासन हर समय उनके सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि यदि कभी भी प्रशासनिक सहायता की आवश्यकता पड़े, तो महिलाएं बिना झिझक इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल कर अपनी सुरक्षा और आत्मसम्मान के लिए सहायता ले सकती हैं।

इस जागरूकता कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सुरेश चंद यादव, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार यादव, कांस्टेबल फिरोज खान, महिला कांस्टेबल ज्योति सोनकर सहित क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं एवं युवतियां उपस्थित रहीं। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित व सशक्त बनाना रहा।

विण्ढमगंज सोनभद्र से जितेंद्र प्रसाद
भारत दृष्टि लाइव न्यूज

RELATED ARTICLES

Most Popular