
महुली राजा बरियार शाह खेल मैदान में नई कमेटी का गठन, 18 से 25 जनवरी तक होगा भव्य खेल आयोजन
महुली (सोनभद्र)।
दुद्धी ब्लॉक के महुली राजा बरियार शाह खेल मैदान में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी ने की। इस बैठक में खेल मैदान के सुचारु संचालन और विकास को लेकर अहम निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से पूर्व खेल कमेटी को भंग करते हुए नई कमेटी का गठन किया गया। साथ ही पूर्व वर्षों की आय का विवरण भी बैठक में प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
बैठक के दौरान खेल मैदान के बेहतर प्रबंधन, रखरखाव और भविष्य में बड़े स्तर पर खेल आयोजनों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इसके उपरांत नई कमेटी के पदाधिकारियों का चयन किया गया। नई समिति में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अरविंद जायसवाल को सौंपी गई, जबकि उपाध्यक्ष के रूप में वीरेंद्र कनौजिया को चुना गया। कोषाध्यक्ष पद पर कमलेश कुमार कनौजिया का चयन हुआ। वहीं प्रबंधक के रूप में मनोज कुमार कनौजिया, विवेक कुमार और मुकेश कुमार को जिम्मेदारी दी गई।
इसके अतिरिक्त प्रोटेस्ट कमेटी में राजकिशोर कनौजिया, राजकपूर कनौजिया और मनीष कुमार को शामिल किया गया। मेश इंचार्ज की जिम्मेदारी अमानुल्लाह और अनुप कुमार को सौंपी गई। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में दिलगज राम, मानिक चंद, सूरज कनौजिया और राकेश गुप्ता को नामित किया गया। मुख्य संरक्षक के रूप में रंजना मांडी चौधरी और अजय कुमार तथा रजत संरक्षक के रूप में राजन चौधरी, संजीव जौहरी, सुशील गुप्ता और रामजदेव जायसवाल को मनोनीत किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि आगामी 18 जनवरी से 25 जनवरी तक महुली राजा बरियार शाह खेल मैदान में बड़े स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
ब्लॉक प्रमुख रंजना चौधरी ने कहा कि नई कमेटी खेल मैदान को एक आदर्श खेल स्थल के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से ग्रामीण युवाओं में स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है। पूर्व कमेटी के कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम ने पारदर्शिता, सहयोग और निरंतर विकास पर विशेष ध्यान देने का भरोसा दिलाया। बैठक में सैकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिन्होंने नई कमेटी के गठन का स्वागत करते हुए खेल आयोजनों के प्रति उत्साह जताया।
विण्ढमगंज सोनभद्र से जितेन्द्र प्रसाद
भारत दृष्टि लाइव न्यूज



