Homeबड़ी खबरेताजा खबरशिक्षकों के मनमाने स्थानांतरण, जर्जर भवन व कुप्रबंधन के खिलाफ जनप्रतिनिधियों ने...

शिक्षकों के मनमाने स्थानांतरण, जर्जर भवन व कुप्रबंधन के खिलाफ जनप्रतिनिधियों ने सौंपा संयुक्त ज्ञापन।

विंढमगंज: शिक्षकों के मनमाने स्थानांतरण, जर्जर भवन व कुप्रबंधन के खिलाफ जनप्रतिनिधियों ने सौंपा संयुक्त ज्ञापन

विंढमगंज (सोनभद्र)। स्थानीय भारती इंटरमीडिएट कॉलेज में वर्षों से चली आ रही शिक्षकों की कमी, जर्जर भवन, प्रबंध समिति की निष्क्रियता तथा हालिया मनमाने स्थानांतरण को लेकर अभिभावकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने मंगलवार को कड़े शब्दों में विरोध जताया। प्रतिनिधि मंडल ने राज्य मंत्री संजीव गोंड, जिलाधिकारी सोनभद्र और जिला विद्यालय निरीक्षक को संयुक्त रूप से ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की।

प्रतिनिधियों ने बताया कि झारखंड सीमा से लगे आदिवासी एवं पिछड़ा बाहुल्य क्षेत्र का यह कॉलेज कभी 2,000 से अधिक छात्र-छात्राओं का प्रमुख शिक्षण केंद्र था। लेकिन पिछले 12 वर्षों से प्रबंध समिति की उपेक्षा और शिक्षकों की लगातार कमी के कारण संस्थान की स्थिति बद से बदतर होती गई, जिसका परिणाम यह है कि वर्तमान में छात्र संख्या घटकर लगभग 1,000 के आसपास रह गई है। अंग्रेजी के एकमात्र शिक्षक दिनेश मणि त्रिपाठी और गणित शिक्षक चंदन प्रजापति के हाल ही में हुए स्थानांतरण ने अभिभावकों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों ने आरोप लगाया कि ऐसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों का अचानक स्थानांतरण छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।

ज्ञापन में कॉलेज के प्रधानाचार्य समेत सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, 60–70 वर्ष पुराने जर्जर भवन को ध्वस्त कर नए भवन का निर्माण, विद्यालय परिसर और खेल मैदान की भूमि की सुरक्षा, जमपानी स्थित विवादित भूमि को कब्जा मुक्त कराने, तथा पिछले वर्षों में प्रबंध समिति द्वारा किए गए आय-व्यय की निष्पक्ष जांच की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। साथ ही प्रतिनिधियों ने निष्क्रिय प्रबंध समिति को भंग कर विद्यालय को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज का दर्जा देने की भी सिफारिश की।

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधियों में सुरेंद्र कुमार पासवान, ओ.पी. यादव, अजय कुमार गुप्ता, ओम रावत, संजय कुमार गुप्ता, लवकुश चंद्रवंशी, लक्ष्मण कुशवाहा, राकेश पासवान, उपेंद्र पासवान, अभिषेक प्रताप सिंह तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी शामिल रहे। कार्यक्रम में म्योरपुर ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड की विशेष उपस्थिति रही।

प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र के हित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular