
कनहर परियोजना का महत्वपूर्ण चरण: बैरियाखाड टोला सुरंग निर्माण में 1100 मीटर तक हुआ कार्य, 24 घंटे चल रहा है निर्माण
रिपोर्ट: जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, विण्ढमगंज सोनभद्र |
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़
विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत घिवही के बैरियाखाड टोला में कनहर परियोजना के तहत एक विशाल सुरंग का निर्माण तेजी से जारी है। यह परियोजना पूरे भारतवर्ष में सिंचाई विभाग की ओर से संचालित सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। अमवार स्थित कनहर डेम को विस्तारित कर दर्जनों गांवों तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से इस मेगा प्रोजेक्ट पर बड़े पैमाने पर कार्य किया जा रहा है।
परियोजना के अंतर्गत कोलिन्डूबा और हरनाकछार के मार्ग से लगभग 3 किलोमीटर लंबे ओवरब्रिज के जरिए पानी प्रवाहित किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। इसी क्रम में बैरियाखाड टोला में वन विभाग की जमीन के भीतर से एक विशाल सुरंग बनाकर पानी के निकास का विशेष मार्ग तैयार किया जा रहा है।
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़ के पत्रकार एवं समाजसेवी अरविंद कुमार यादव के साथ हमारी टीम ने सुरंग के अंदर प्रवेश कर वहां चल रहे निर्माण कार्य का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग 1100 मीटर अंदर तक जाकर देखा गया कि मध्य प्रदेश से आई इंजीनियरिंग टीमें लगातार 24 घंटे शिफ्ट में कार्य कर रही हैं। सुरंग के भीतर सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत मजबूत है और कंपनी के अधिकारी हर गतिविधि पर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस परियोजना से आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। सुरक्षा और सेफ्टी मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। सुरंग कार्य पूरा होने के बाद कनहर परियोजना के जल प्रवाह से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की व्यापक सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है।
कुल मिलाकर, कनहर परियोजना का यह चरण ग्रामीण विकास और सिंचाई विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम साबित उपहोगा। विण्ढमगंज सोनभद्र क्षेत्र के लिए यह परियोजना आने वाले समय में एक नई उम्मीद और उन्नति का मार्ग प्रशस्त करेगी।



