Homeबड़ी खबरेताजा खबरपुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने नगर उंटारी व केतार थाना का किया...

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने नगर उंटारी व केतार थाना का किया निरीक्षण, लंबित कांडों के निष्पादन व गश्ती व्यवस्था मजबूत करने का दिया निर्देश

गढ़वा: पुलिस अधीक्षक गढ़वा श्री अमन कुमार (भा.पु.से.) ने आज नगर उंटारी (श्री बंशीधर नगर) एवं केतार थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में दर्ज पुराने लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए सभी अनुसंधानकर्ताओं को शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी नगर उंटारी से विभिन्न मामलों की जानकारी ली तथा पुलिस कार्य में आने वाली समस्याओं से भी अवगत हुए। उन्होंने निर्देश दिया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु वारंटियों व अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए, गश्त को और मजबूत किया जाए तथा गुप्तचर तंत्र को सक्रिय रखते हुए अपराध पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान उन्होंने थाना के विभिन्न पंजी (रजिस्टरों) का अवलोकन कर उन्हें शीघ्र अद्यतन करने का निर्देश दिया। न्यायालय से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन और अन्य मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने पर भी बल दिया।

बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्होंने थाना क्षेत्र में विशेष चौकसी बरतने, सतत पेट्रोलिंग करने, नशीले पदार्थों के आवागमन व भारी नगद राशि के लेन-देन पर निगरानी रखकर रोकथाम करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, आवासीय बैरकों की स्थिति आदि का भी जायजा लिया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

नगर उंटारी थाना में इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (श्री बंशीधर नगर), पुलिस निरीक्षक नगर उंटारी अंचल, महिला थाना प्रभारी नगर उंटारी, थाना प्रभारी नगर उंटारी सहित सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं केतार थाना निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर, पुलिस निरीक्षक भवनाथपुर अंचल, थाना प्रभारी केतार एवं थाना के सभी पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना कर्मियों की समस्याएं भी सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular