
तेज बारिश से कच्चा मकान ध्वस्त — परिवार बेघर, नेटवर्क समस्या से मदद में आ रही दिक्कत
विकासखंड चोपन के ग्राम पंचायत पड़रक्ष, भालूकुदर टोला की घटना
सोनभद्र | भारत दृष्टि लाइव | रिपोर्ट: जितेंद्र प्रसाद गुप्ता
विकासखंड चोपन के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत पड़रक्ष के भालूकुदर टोला में लगातार हो रही बारिश के कारण रविवार, 2 नवंबर 2025 की सुबह एक कच्चा मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। इस हादसे में घर के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए, लेकिन अब पूरा परिवार बेघर हो गया है।
भोजन बनाते समय गिरा मकान
भालूकुदर निवासी रविंद्र गुप्ता पुत्र सुदामा गुप्ता ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे परिवार के लोग घर में भोजन बनाने की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक दीवारों से दरारें पड़ने और आवाज़ आने लगी। देखते ही देखते मकान की चारों दीवारें एक-एक कर गिरने लगीं। परिवार ने किसी तरह अपनी जान बचाई और घर से बाहर निकल आए।
रविंद्र गुप्ता ने बताया कि —
हमारा यह एकमात्र कच्चा मकान था, जिसमें हम अपने परिवार के साथ रहते थे। अब हमारे पास रहने के लिए कोई जगह नहीं बची है। अगर हम अंदर होते, तो हमारी मौत निश्चित थी।”
ग्राम प्रधान और लेखपाल को दी गई सूचना
घटना की सूचना तुरंत ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरेश यादव और क्षेत्रीय लेखपाल को दी गई। लेखपाल ने पीड़ित परिवार से कहा कि वे मकान की तस्वीरें, बैंक पासबुक और आधार कार्ड भेज दें ताकि सरकारी राहत योजना के तहत मदद दी जा सके।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरेश यादव ने मौके पर पहुंचकर आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार की सहायता की जाएगी।
क्षेत्र में नेटवर्क की बड़ी समस्या
पीड़ित परिवार ने यह भी बताया कि क्षेत्र में नेटवर्क की गंभीर समस्या है। मोबाइल सिग्नल न मिलने के कारण प्रशासन से संपर्क करना मुश्किल होता है।
रविंद्र गुप्ता ने कहा कि —
अगर किसी से बात करनी हो तो हमें पहाड़ या पेड़ पर चढ़ना पड़ता है। नेटवर्क की यह समस्या दूर होनी चाहिए ताकि ऐसी स्थिति में लोगों को समय पर मदद मिल सके।”
भारत दृष्टि लाइव
सोनभद्र से जितेन्द्र प्रसाद गुप्ता की विशेष रिपोर्ट



