
लेबर सप्लाई के नाम पर 25 हजार की ठगी का आरोप, ठेकेदार ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
विंढमगंज, सोनभद्र।
स्थानीय थाना क्षेत्र विंढमगंज के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत क्षेत्र में ठेकेदार और स्थानीय युवक के बीच लेबर सप्लाई के नाम पर रुपये हड़पने का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कोलिन्डुबा निवासी ठेकेदार उमेश खरवार ने विंढमगंज थाना में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत हरनाकछार निवासी रामप्रवेश चंद्रवंशी पुत्र नागेंद्र चंद्रवंशी ने उनसे मजदूर सप्लाई करने के नाम पर कुल ₹25,000 रुपये लिए, लेकिन अब तक एक भी मजदूर उपलब्ध नहीं कराया।

ठेकेदार उमेश खरवार के अनुसार, आरोपी ने ₹4,000 नगद और ₹21,000 ऑनलाइन, इस प्रकार कुल ₹25,000 की राशि ली थी। कई बार कहने के बावजूद न तो मजदूर भेजा गया और न ही पैसे वापस किए गए।

जब उमेश खरवार ने शनिवार, 1 नवंबर 2025 को पैसे की मांग के लिए रामप्रवेश चंद्रवंशी के घर गए, तो उनके पिता ने कहा कि “लड़का घर पर नहीं है।” इसके बाद उमेश ने अपनी सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल किया।

पुलिस के पहुंचने पर भी आरोपी सामने नहीं आया। उमेश खरवार का आरोप है कि रामप्रवेश अब उन्हें धमकी दे रहा है कि यदि पैसे की मांग की गई तो वह आत्महत्या कर लेगा।

उमेश खरवार ने कहा कि यह मामला समाज में भरोसे को तोड़ने वाला है और ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि पैसे की वसूली और उचित कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।
पीड़ित ठेकेदार ने कहा कि उन्होंने यह तहरीर विंढमगंज थाना में देकर इस प्रकार की घटनाओं के प्रति समाज को जागरूक करने का भी आग्रह किया है।
स्थान: विण्ढमगंज, सोनभद्र
तारीख: 01 नवंबर 2025
रिपोर्ट: जितेंद्र प्रसाद गुप्ता
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़



