केतार (गढ़वा): प्रखंड केतार के पंचायत परती कुशवानी अंतर्गत छवनी टोला निवासी मनोहर उरांव (उम्र 48 वर्ष) का इलाज के लिए बनारस जाते समय रास्ते में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, मनोहर उरांव पिछले कई महीनों से पथरी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। परिजनों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें बनारस के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहाँ करीब एक सप्ताह पहले उनकी पथरी की सफल सर्जरी (आपरेशन)हुई थी।

घर लौटने के बाद ही उनकी तबीयत फिर से बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर परिजन उन्हें पुनः बनारस ले जा रहे थे, तभी सोनभद्र जिले के कोटा के पास उन्होंने अंतिम साँस ली। लोगों ने यह भी कहा की लोगों के काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। मनोहर उरांव अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री सहित पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही छवनी टोला सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।

लोग उनके मिलनसार स्वभाव और सामाजिक योगदान को याद कर भावुक हो उठे। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया, जिसमें अभय सिंह, नागेंद्र प्रजापति, राजनाथ राम, केदार यादव, रंजू यादव सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता, कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



