
विण्ढमगंज में टूटी नाली की पटिया बनी खतरा राहगीरों को हो रही भारी परेशानी, ग्राम प्रधान मौन।
विण्ढमगंज (सोनभद्र):
स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत विण्ढमगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट के ठीक सामने बनी नाली पर लगी पटिया (ढक्कन) टूटकर ध्वस्त हो चुकी है। यह नाली लगभग चार वर्ष पूर्व बनाई गई थी, लेकिन अब जगह-जगह उसकी पट्टियाँ टूट जाने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी अवधेश कुमार जायसवाल ने बताया कि यह पटिया लगभग दो महीने से टूटी हुई है। इसकी जानकारी कई बार ग्राम प्रधान को दी गई, परंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि टूटे हिस्से के कारण कई बार महिलाएँ और पुरुष गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
यह नाली राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-39 (रीवा–रांची मार्ग) के किनारे करीब दो किलोमीटर लंबी बनी हुई है। कई स्थानों पर नाली के ढक्कन पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं, जिससे न केवल दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, बल्कि नाली से लगातार उठती दुर्गंध से आस-पास के लोगों और दुकानदारों को भी भारी परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नाली से उठती बदबू और जमा पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है।
विण्ढमगंज सोनभद्र से जितेंद्र प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़



