
सीएचसी दुद्धी में महिला चिकित्साधिकारी की हुई तैनाती
मेडिकल ऑफिसर के पद पर एनसीडी क्लीनिक में देंगी स्वास्थ्य सेवाएं
दुद्धी (सोनभद्र):
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में शनिवार को महिला चिकित्साधिकारी डॉ. मुस्कान गुप्ता ने जॉइनिंग की। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोनभद्र के पत्रांक संख्या 4770, दिनांक 13 अक्टूबर 2025 के क्रम में यह नियुक्ति राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत एनसीडी क्लीनिक में मेडिकल ऑफिसर (संविदा) के पद पर की गई है।
सीएचसी दुद्धी के चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम ने डॉ. मुस्कान को औपचारिक रूप से स्वास्थ्य सेवा में योगदान हेतु कार्यभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा गया।
डॉ. मुस्कान, दुद्धी नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन कमल कुमार कानू की पुत्री हैं। बेटी की नियुक्ति से परिजन गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। जॉइनिंग के समय भावुक पल देखने को मिले, जब डॉ. मुस्कान के माता-पिता की आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा—
“आज मेरा सपना साकार हुआ है। बेटी राजनीतिक नहीं, लेकिन समाज व स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपना योगदान दे रही है, जो हमारे लिए गर्व की बात है।”
डॉ. शाह आलम ने बताया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत एनसीडी क्लीनिक में यह नियुक्ति हुई है, जिससे क्षेत्र के आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर डॉ. संजय गुप्ता, बीपीएम संदीप सिंह, सुनीता कमल, मनोरमा जायसवाल, कृपा शंकर, क्षेत्र के पत्रकार बंधु एवं सीएचसी के स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



