
छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासन हुआ सक्रिय
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुद्धी एसडीएम व सीओ ने दिए निर्देश

विण्ढमगंज (सोनभद्र):
आगामी छठ महापर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क एवं सक्रिय दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में दुद्धी क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजेश कुमार राय तथा दुद्धी उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निखिल यादव ने विण्ढमगंज थाना परिसर में बैठक कर विभिन्न छठ समितियों के अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में सीओ राजेश कुमार राय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ घाटों पर गहरे पानी के पास सुरक्षा ब्रैकेटिंग की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि पंडालों में कटे-फटे तारों का प्रयोग न किया जाए, जिससे बिजली जनित किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

इसके साथ ही उन्होंने दुकानों व पंडालों के पास अग्निशमन (फायर विगिल) की व्यवस्था करने तथा गैस सिलेंडरों के सुरक्षित उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि भीड़-भाड़ के दौरान जेबकटी या सामान चोरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

सीओ राय ने यह भी आश्वस्त किया कि प्रशासन की पूरी टीम पर्व के दौरान हर स्थल पर मौजूद रहेगी और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

वहीं, उपजिलाधिकारी निखिल यादव ने उपस्थित सभी समितियों व ग्राम प्रतिनिधियों से अपील की कि प्रशासन को सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से पर्व का आयोजन करें। उन्होंने कहा कि “छठ महापर्व आस्था और अनुशासन का प्रतीक है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति अनुचित व्यवहार करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
बैठक के उपरांत दुद्धी सीओ राजेश कुमार राय, एसडीएम निखिल यादव एवं विण्ढमगंज थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह अपने प्रशासनिक दलबल के साथ बुटवेढवा व मलिया नदी तट स्थित श्री मालेश्वर महादेव मंदिर परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने बजरंग क्लब सोसायटी एवं सन क्लब सोसायटी द्वारा किए जा रहे छठ घाट की तैयारियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ समिति के पदाधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश दिए तथा पर्व को शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने का आह्वान किया।
रिपोर्ट: जितेंद्र प्रसाद
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़, विण्ढमगंज, सोनभद्र



