
खनन माफियाओं की अब खैर नहीं! विण्ढमगंज पुलिस ने दबोचा अवैध बालू लादे ट्रैक्टर
विण्ढमगंज, सोनभद्र। अवैध खनन पर शिकंजा कसने के लिए विण्ढमगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार 28 सितंबर 2025 को ग्राम पोलवां से पुलिस ने स्वराज ट्रैक्टर (संख्या UP64AR1083) को अवैध खनन कर बालू ढोते समय पकड़ लिया। ट्रैक्टर पर चालक राजू कुमार पुत्र श्याम बिहारी निवासी ग्राम महुली थाना विंढमगंज को रंगेहाथ दबोचा गया।
थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी दूद्धी एवं खान अधिकारी सोनभद्र को दूरभाष के माध्यम से सूचित किया गया। खान अधिकारी की रिपोर्ट पर अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि खनन माफिया चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून के शिकंजे से नहीं बच पाएगा। कनहर और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।



