
एक दिन के लिए वैष्णवी बनी प्रधानाध्यापिका, छात्राओं ने संभाली जिम्मेदारी
सोनभद्र। महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने तथा प्रशासनिक जिम्मेदारियों से परिचित कराने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज में अनोखी पहल की गई। इस दौरान वैष्णवी केशरी को एक दिन के लिए सांकेतिक रूप से विद्यालय की प्रधानाध्यापिका बनाया गया।
इसके साथ ही छात्राओं रागिनी, नितीका, उजमा, लक्ष्मी, रेशमा, शाबरीन और प्रियांशी ने शिक्षिका की भूमिका निभाई। दिनभर की गतिविधियों में छात्राओं ने प्रार्थना सभा का संचालन, छात्र उपस्थिति दर्ज करने से लेकर शिक्षण कार्य तक की जिम्मेदारी संभाली और उसे बखूबी निभाया।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह पहल बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।



