
विंढमगंज मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई
विंढमगंज (सोनभद्र)।
बुटबेढवा पंचायत भवन में विंढमगंज मंडल के 332 शक्ति केंद्र पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भारतीय जनसंघ के महान विचारक व दार्शनिक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा एससी-एसटी आयोग के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रामनरेश पासवान रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर धूप, दीप और पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण से की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि रामनरेश पासवान ने उनके जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को राजस्थान के धनकिया में हुआ था। उनका पैतृक गांव मथुरा जिले के नगला चंद्रभान में स्थित है। वे स्वदेशी और लघु उद्योग को भारत की आर्थिक योजना की आधारशिला मानते थे। उनका मानना था कि विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जिसे “अंत्योदय” का नाम दिया गया।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सपना था कि समाज का कोई भी वर्ग विकास की धारा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से हर वर्ष 25 सितंबर को पूरे देश में ‘अंत्योदय दिवस’ मनाया जाता है।
इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री संजय गुप्ता, रूपा देवी, तारा देवी, मनीष मद्धेशिया, सफाई कर्मी सुरेंद्र भारती, सुहेल खान, सुनील श्रीवास्तव सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



