
विण्ढमगंज थाना परिसर में महिला सुरक्षा केंद्र का शुभारंभ
विण्ढमगंज/सोनभद्र। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर आज विंढमगंज थाना परिसर में मुख्यमंत्री महिला सुरक्षा केंद्र 0.5 का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर उप निरीक्षक साहीद खान तथा महिला कांस्टेबल आराधना यादव मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक साहीद खान ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए बताया कि यह पहल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा चलाई गई एक महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा केंद्र न केवल हिंसा की शिकार बालिकाओं और महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराता है, बल्कि उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण से जोड़ने का कार्य भी करता है। अब तक इस योजना के पांच चरण सफलतापूर्वक संचालित हो चुके हैं।
महिला सुरक्षा केंद्र शिकायतों के निस्तारण, परामर्श और मार्गदर्शन के साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का काम करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना और उन्हें समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने हेतु प्रेरित करना है।
यह कदम महिला उत्पीड़न को रोकने और महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



